निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा सचिव सख्त, भीषण गर्मी में सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राज्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति तथा ट्रिपिंग की घटनाओं को लेकर फील्ड अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अजय यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार किए जाएं।
पटना। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव (भा.प्र.से.) ने बुधवार को राज्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति तथा ट्रिपिंग की घटनाओं को लेकर फील्ड अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अजय यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार किए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बिजली बाधा या ट्रिपिंग की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (DT), विद्युत पोल, लाइनों एवं अन्य विद्युत अवसंरचनाओं के नियमित निरीक्षण एवं समयबद्ध रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
साथ ही, फील्ड स्तर पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों से कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी रखने का भी निर्देश दिया। बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। एनबीसी 24 के लिए पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट।